बलिया। पकड़ी थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव निवासी सुबाष राजभर के साथ बुधवार को दिनदहाड़े उचक्कागिरी की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अज्ञात उचक्कों ने उनके झोले से पासबुक सहित 18 हजार रुपये पार कर दिए। जानकारी के अनुसार, सुबाष राजभर के पुत्र की शादी मई माह में प्रस्तावित है, जिसके चलते वह तैयारियों में जुटे थे। इसी सिलसिले में वह बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे गड़वार थाना क्षेत्र स्थित उत्तर प्रदेश बैंक पहुंचे और वहां से 20 हजार रुपये निकाले।
इसके बाद वह बैंक के पास ही एक दुकान से दो हजार रुपये देकर शादी के कार्ड खरीदने गए। शेष 18 हजार रुपये और पासबुक उन्होंने पर्स में रखकर झोले में डाल दिया और झोला साइकिल पर टांग दिया। इसके बाद वह पास की मिठाई की दुकान पर पानी पीने चले गए। इसी दौरान उचक्कों ने मौका पाकर झोले से पर्स निकाल लिया और फरार हो गए।
कुछ देर बाद लौटने पर रुपये और पासबुक गायब देखकर वह हैरान रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






