वाराणसी – लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मंगलवार प्रातः लगभग 11:00 बजे एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। लाइनेक्स हॉस्पिटल के सामने कार और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दंपत्ति अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे सहित घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।
घायलों की पहचान शुभम कुमार (30) पुत्र गिरीश, उनकी पत्नी अंतिमा (27) निवासी गजापुर, बड़ागांव तथा उनके डेढ़ वर्षीय बच्चे के रूप में हुई है। दुर्घटना में दंपत्ति को चोटें आई हैं, जबकि बच्चे को हल्की चोटें बताई जा रही हैं। वहीं, कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं।
हादसे के तुरंत बाद सामने स्थित लाइनेक्स हॉस्पिटल के चिकित्सा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मेडिकल स्टाफ ने प्राथमिक उपचार देने के बाद तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही केसरिया भारत के प्रदेश अध्यक्ष गौरीश सिंह, सुरही के ग्राम प्रधान रविंद्र नाथ यादव, बीडीओ पिंडरा और बीडीओ जलालपुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।





