जौनपुर। जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर के पास एनएच-731 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। घटना से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।









