Search
Close this search box.

बलिया एसपी ओमवीर सिंह ने किया सिकंदरपुर थाने का निरीक्षण, नए साइबर एवं सीसीटीएनएस कक्ष का उद्घाटन

बलिया । पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को थाना सिकंदरपुर का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रशासनिक कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में नवनिर्मित प्रभारी निरीक्षक कक्ष तथा सीसीटीएनएस/साइबर कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने बैरक, मेस और नए भर्ती आरक्षियों के रहने-खाने की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महिला हेल्प डेस्क पर कार्यरत प्रशिक्षु महिला कर्मियों से भी एसपी ने संवाद किया और रजिस्टरों की प्रविष्टियों की जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक आधारित “यक्ष (YAKSH) एप” के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म अपराध नियंत्रण और अपराधियों की रियल-टाइम निगरानी में सहायक साबित होगा। इसमें फेस रिकग्निशन, वॉयस सर्च और गैंग एनालिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

एसपी ने साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, हैकिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और कंप्यूटर उपकरणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

निरीक्षण के बाद एसपी ने पुलिस बल के साथ बाजारों, चौराहों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर व्यापारियों और नागरिकों से संवाद किया तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस दौरान एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें