गाजीपुर । जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और कार्यों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।समीक्षा के बाद जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन की बैठक प्रत्येक सप्ताह खुली बैठक के रूप में आयोजित की जाए।
साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर निर्धारित किया जाए, ताकि आम जनता अपनी समस्याएं सीधे दर्ज करा सके और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों और उनके समाधान की समीक्षा की जाए तथा असंतुष्ट लाभार्थियों की सूची बनाकर मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर विशेष नजर रखी जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही निस्तारण के बाद लाभार्थियों से फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित किया जाए कि समाधान संतोषजनक है या नहीं।जिलाधिकारी ने कहा कि हर ग्रामीण परिवार को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इस मिशन का उद्देश्य हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ जल पहुंचाना है, जिससे ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी और जनसहयोग को मिशन की सफलता के लिए आवश्यक बताया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।






