बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में कर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों को नया लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, वे पिछले वर्ष के लक्ष्य के आधार पर कार्य करते हुए वसूली सुनिश्चित करें। डीएम ने वाणिज्य कर विभाग सहित सभी विभागों को वार्षिक लक्ष्य को मासिक कार्ययोजना में विभाजित कर योजनाबद्ध ढंग से काम करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी ने मानकों के विपरीत संचालित ईंट भट्टों पर सख्ती दिखाते हुए जांच कर कार्रवाई करने तथा आवश्यक होने पर उन्हें बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां स्थिति यथावत रखी जाए।
इसके साथ ही डीएम ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में “अन्नपूर्णा भवन” निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अभियान चलाकर अच्छी जमीन चयनित करने को कहा गया। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित सभी एसडीएम मौजूद रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








