गाजीपुर। शनिवार को आयोजित थाना दिवस के अवसर पर थाना सैदपुर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों ने शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
थाना दिवस में कुल पांच फरियादियों ने अपनी शिकायतें लिखित रूप में प्रस्तुत कीं, जिनमें से एक मामले का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समाधान राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सैदपुर, उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया सहित पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








