Search
Close this search box.

हरदोई में अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, चार अर्टिगा कारों से 6 लाख की शराब बरामद, तीन गिरफ्तार

हरदोई। जनपद के कछौना थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार रात अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की। पुलिस ने चार अर्टिगा कारों से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर हरियाणा से अंग्रेजी शराब लेकर ग्राम खजोहना की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित सिंह ने पुलिस टीम के साथ कटियामऊ-खजोहना मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान सफेद रंग की टैक्सी कोटे की फर्जी नंबर प्लेट लगी चार अर्टिगा कारें आती दिखाई दीं। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों को रोक लिया।

कार्रवाई के दौरान कुछ तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने खजोहना निवासी जमीर पुत्र सगीर, अम्मार पुत्र यूनुस और बबलू पुत्र इंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी बबलू ने बताया कि वह लंबे समय से दिल्ली और हरियाणा में रह रहा था, जहां उसकी मुलाकात दीपांकर नामक व्यक्ति से हुई। दीपांकर ने उसकी पहचान सोनीपत, हरियाणा निवासी अमित उर्फ मित्तो से कराई थी। इसके बाद सभी लोग हरियाणा और चंडीगढ़ से शराब लाकर बिहार के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर समेत कई जिलों में सप्लाई करते थे।

पुलिस के मुताबिक, चारों कारें हरियाणा से दिल्ली होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा एक्सप्रेसवे के रास्ते बांगरमऊ पहुंची थीं। इसके बाद गांव खजोहना में रुकने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने चारों वाहनों से कुल 3276 क्वार्टर और 594 बोतल ‘ऑल सीजन’ ब्रांड की अंग्रेजी शराब तथा 168 बोतल ‘आरएस’ ब्रांड की शराब बरामद की। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 18,600 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

ओमजीत यादव, उजाला संचार न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें