Search
Close this search box.

दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से नवविवाहित युवक की मौत, दो माह पहले हुई थी शादी

गाजीपुर । जिले के जमानियां क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय नवविवाहित युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना दरौली रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान फूली गांव निवासी अजय प्रजापति पुत्र रविंद्र प्रजापति के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अजय मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर बिना बताए घर से कहीं भी निकल जाता था। सोमवार रात भी वह अचानक घर से निकल गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

अजय की शादी महज दो माह पहले 14 मार्च को हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बताया जा रहा है कि तीन वर्ष पहले अजय के बड़े भाई की भी मौत हो चुकी थी। अब अजय के निधन के बाद परिवार का इकलौता सहारा भी छिन गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें