मिर्जापुर । उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा रविवार को जनपद मिर्जापुर के 32 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देशन में जिला प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।

परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व जिलाधिकारी ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया की लगातार लाइव मॉनिटरिंग भी की गई। जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्र व्यवस्थापकों से लगातार संपर्क में रहे और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से दो घंटे पहले पहुंचने, प्रवेश पत्र एवं मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाने तथा मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में न लाने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन ने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील भी की थी।
परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई। पूरे दिन किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य की परीक्षाओं में भी इसी प्रकार की सख्ती, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखी जाएगी।






