Search
Close this search box.

मिर्जापुर रेंज की नई डीआईजी बनीं आईपीएस पूनम, अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा को बताया प्राथमिकत

मिर्जापुर । रेंज की नवनियुक्त पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) आईपीएस पूनम ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने हवन में आहुति देकर अपने नए दायित्व की सफल शुरुआत की।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीआईजी पूनम ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा।

वर्ष 2010 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी पूनम इससे पहले मेरठ स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में डीआईजी एवं प्रिंसिपल तथा आगरा में पीएसी सेक्टर की डीआईजी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। हरियाणा के सोनीपत में 7 जून 1983 को जन्मीं पूनम ने एम.कॉम (अकाउंटिंग एंड कॉस्ट) की शिक्षा प्राप्त की है। उनके पिता का नाम महावीर सिंह है।

अनुशासनप्रिय और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में पहचान रखने वाली पूनम को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डीजीपी सिल्वर तथा गोल्ड कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी नियुक्ति से मिर्जापुर परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों में भी उनकी तैनाती को लेकर उत्साह का माहौल है।

Leave a Comment

और पढ़ें