मिर्जापुर। जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा रविवार को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष और स्वच्छ बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई थी। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों और प्रशासनिक सतर्कता के चलते सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था सुचारु रही तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
परीक्षा से पूर्व जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। उन्होंने स्पष्ट किया था कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नकल या गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनपद के सभी 32 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र एवं मूल पहचान पत्र साथ लाने तथा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूर रहने के निर्देश दिए गए थे।
जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय स्थित मॉनिटरिंग रूम से सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगातार जानकारी लेते रहे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली। प्रशासन ने इसे सफल, शांतिपूर्ण और पूर्णतः निष्पक्ष परीक्षा बताया है।






