Search
Close this search box.

मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल निर्माण कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

गाजीपुर । जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने विकास खंड मनिहारी में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विद्यालय भवन के निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था से निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए एक ही परिसर में अध्ययन की व्यवस्था होगी। यह विद्यालय अटल आवासीय विद्यालय की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है तथा प्रत्येक जिले में ऐसे विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विद्यालय नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच एमएनआईटी प्रयागराज से कराई जा चुकी है, जिसमें गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ अनुबंध के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्य में अपेक्षित गति न होने पर उन्होंने मजदूरों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने निर्माण प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए नियमित निरीक्षण और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय जैसी सभी सुविधाएं उच्च मानकों के अनुरूप विकसित की जाएं।

इसके बाद जिलाधिकारी ने केजीबीवी मनिहारी के एकेडमिक ब्लॉक निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें