चन्दौली । पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अत्यंत व्यस्त ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड में रेल संरक्षा और परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। 11 जून 2026 को मुठानी स्टेशन पर अत्याधुनिक सेंट्रलाइज्ड इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) प्रणाली तथा भभुआ रोड–कुदरा खंड में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (ABS) प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया। यह नई व्यवस्था दोपहर 2 बजे से प्रभावी हो गई।

मुठानी स्टेशन पर स्थापित नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली ने वर्ष 2001 से संचालित पैनल इंटरलॉकिंग का स्थान ले लिया है। इसके लागू होने से स्टेशन की रूट क्षमता 35 से बढ़कर 82 हो गई है, जिससे ट्रेनों के संचालन में अधिक लचीलापन, गति और दक्षता आएगी। साथ ही पारंपरिक ट्रैक सर्किटों की जगह मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर और आधुनिक सिग्नलिंग उपकरण लगाए गए हैं, जिससे परिचालन की विश्वसनीयता और सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

भभुआ रोड–मुठानी–पुसौली–कुदरा खंड में लगभग 22.23 रूट किलोमीटर क्षेत्र में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू की गई है। इसके अंतर्गत पांच ऑटोमैटिक रिले हट और 73 ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलों को भी चालू किया गया। यह प्रणाली एक ही दिशा में चलने वाली ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी सुनिश्चित कर रेलखंड की क्षमता बढ़ाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना सफलतापूर्वक पूरी हुई। भारतीय रेल का यह कदम भविष्य की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को पूरा करने तथा सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।









