Search
Close this search box.

वाराणसी में 24×7 पेयजल आपूर्ति की तैयारी तेज, इंदिरा नगर कॉलोनी बनेगी मॉडल क्षेत्र

वाराणसी । के चितईपुर स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी के निवासियों को जल्द ही चौबीसों घंटे शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। नगर निगम के पायलट प्रोजेक्ट के तहत यहां 24×7 पेयजल आपूर्ति योजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। योजना पूरी होने के बाद लोगों को पानी संग्रह के लिए छतों पर टंकियां रखने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वर्तमान में परियोजना का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है और इसे शीघ्र पूर्ण करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नेवादा वार्ड स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिकारियों ने बताया कि प्रयागराज की कार्यदायी संस्था द्वारा 2200 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी भौतिक प्रगति लगभग 52 प्रतिशत है। नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या देरी मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दस दिन बाद पुनः प्रगति की समीक्षा करने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने क्षेत्र में बिछाई जा रही सीवर लाइन के कार्यों का भी जायजा लिया और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा इंदिरा नगर कॉलोनी को अस्सी नाले से जोड़ने वाले नाले की तली झाड़ सफाई कराने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षाकाल में जलभराव रोकने के लिए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना प्राथमिकता है। इस दौरान जल निगम, जलकल विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें