लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 125 डिप्टी एसपी (डीएसपी) स्तर के अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को विभिन्न जनपदों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी, एटीएस, रेलवे पुलिस, पुलिस मुख्यालय तथा अन्य इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस व्यापक तबादला सूची का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और मजबूत बनाना माना जा रहा है।



जारी आदेश के अनुसार कमलेश कांत को मुरादाबाद से स्थानांतरित कर सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर बनाया गया है। वहीं सुनील कुमार सिंह को भदोही से बिजनौर में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर भेजा गया है। अरुण कुमार शुक्ला को विशेष जांच, लखनऊ से कौशाम्बी में पुलिस उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अनेक अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों में नई तैनाती दी गई है।



गृह विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि यह प्रशासनिक फेरबदल प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण में तेजी लाने तथा पुलिसिंग की कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही विभाग ने पूरी तबादला सूची भी जारी कर दी है, जिसमें सभी अधिकारियों की नई तैनाती का विवरण शामिल है।









