Search
Close this search box.

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पारदर्शिता पर सवाल, अमिताभ ठाकुर ने उठाई दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग

लखनऊ । आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं ने उनके लंबे समय से उठाए जा रहे सवालों की प्रासंगिकता को और मजबूत किया है।

अमिताभ ठाकुर के अनुसार, उन्होंने 26 फरवरी 2024 को ट्रस्ट से अनुरोध किया था कि वह अपने ट्रस्ट दस्तावेज, वार्षिक प्रतिवेदन, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय अभिलेख सार्वजनिक करे। लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने 7 जून 2025 को पुनः पत्र भेजकर इसी मांग को दोहराया।

इसी दौरान ट्रस्ट से जुड़े चंपत राय द्वारा यह बयान दिया गया कि ट्रस्ट के खातों का ऑडिट नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) द्वारा किया जा रहा है। इस पर अमिताभ ठाकुर ने उनसे स्थिति स्पष्ट करने को कहा था।

ट्रस्ट की ओर से दिए गए उत्तर में यह स्पष्ट किया गया कि वह एक स्वतंत्र और स्वायत्त संस्था है तथा इसके खातों का कभी भी CAG द्वारा ऑडिट नहीं किया गया है।

इस पर अमिताभ ठाकुर ने कहा कि वे पुनः ट्रस्ट को पत्र लिखकर सभी वित्तीय दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग करेंगे, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संस्थान में अधिकतम पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

ब्यूरो लखनऊ अजय सिंह यादव।

Leave a Comment

और पढ़ें