बलिया । उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में हिरासत में कथित थर्ड डिग्री दिए जाने के बाद एक व्यक्ति की मौत के मामले में आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में दरोगा सचिन सरोज और सिपाही अंकित सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, तत्कालीन रेवती थानाध्यक्ष राज केश्वर सिंह को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। रेवती थाने का नया प्रभारी अनिल कुमार सिंह को बनाया गया है।
मृतक के पुत्र की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
जानकारी के अनुसार, गायघाट निवासी दलित युवक काम जी शाह को 7 जुलाई को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने हिरासत में उनके साथ थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान दो दिन बाद उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के पुत्र विशाल की तहरीर पर दरोगा सचिन सरोज, सिपाही अंकित सिंह, ग्राम प्रधान लल्लू सिंह सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश
डी आई जी सुनील कुमार सिंह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारी को मजिस्ट्रियल जांच कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टिंग संजय सिंह बलिया।







