अहरौरा। नगर पालिका क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण से आषाढ़ शुक्ल पक्ष द्वितीया के अवसर पर गुरुवार शाम भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा जी की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद भगवान श्री जगन्नाथ जी को सिंहासन सहित रथ पर विराजमान कराया गया। इसके बाद पुनः पूजा-अर्चना कर ‘वृंदावन बिहारी लाल की जय’ के जयघोष के साथ रथयात्रा रवाना हुई।

शोभायात्रा सत्यानगंज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौक बाजार, टीकरा खरंजा, सम्मेंतर त्रिमुहानी होते हुए रामसगरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजन किया गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर प्रसाद, माला और पुष्प अर्पित किए। देर रात शोभायात्रा पुनः मंदिर पहुंची, जहां पूजन के बाद भगवान को गर्भगृह में विराजमान कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य पुजारी विजय शंकर मिश्र, अरविंद कुमार मिश्रा, पारस केशरी, राजकुमार अग्रहरि, त्रिलोकी अग्रहरि, सुरेश जायसवाल, सुनील अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में थाना अध्यक्ष अजय कुमार मिश्र और चौकी इंचार्ज आशीष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।








