दुद्धी सोनभद्र। नवागत उपजिलाधिकारी रवि कुमार ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों की देखभाल और इमरजेंसी सेवाओं की जानकारी ली।

ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक डॉ. ऐमन अंसारी से एसडीएम ने मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यप्रणाली से संतुष्ट नजर आए एसडीएम ने चिकित्सकीय सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने की बात कही।

वहीं, अस्पताल परिसर और गैलरी में गंदगी देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों से जवाब-तलब किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका मांगे जाने पर बताया गया कि वह अधीक्षक के बंद केबिन में रखी है। डॉ. ऐमन अंसारी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पूर्व ही कार्यभार ग्रहण किया है और अस्पताल की व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी अधीक्षक डॉ. शाह आलम के आने के बाद ही मिल सकेगी।
अधीक्षक का कार्यालय बंद मिलने पर एसडीएम ने दोबारा निरीक्षण करने की बात कही। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात नर्स रीता कन्नौजिया, सरोज खान सहित अन्य कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने की हिदायत दी।







