बलिया । जनपद के थाना सिकन्दरपुर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में त्योहारी सीजन को देखते हुए अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर राकेश कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक मूलचन्द्र चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा अपराध संख्या 177/2026 में वांछित अभियुक्त सिकन्दरपुर कस्बे में नगरा मोड़ के पास पान की गुमटी के समीप वाहन का इंतजार कर रहा है और कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए अभियुक्त को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुहम्मद जावेद पुत्र मुहम्मद हसनैन, निवासी ग्राम हरनाटार दयालपुर माल्दह, थाना सिकन्दरपुर, जनपद बलिया, उम्र करीब 20 वर्ष बताया। पुलिस के अनुसार तलाशी में कपड़ों के अलावा कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
अभियुक्त के खिलाफ थाना सिकन्दरपुर में धारा 74, 351(3), 65(1) बीएनएस तथा 7/8 व 5एल/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त का चालान न्यायालय भेज दिया है।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक मूलचन्द चौरसिया, वरिष्ठ उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर यादव, कांस्टेबल रविशंकर पटेल और कांस्टेबल प्रदुम यादव शामिल रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








