लखनऊ । के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर दिगम्बर जैन परंपरा के परम पूज्य आचार्य सुबल सागर महाराज के सानिध्य में वर्ष 2026 के ऐतिहासिक मंगल चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। ‘सप्त ऋषि मुनि संघ’ की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि संस्कार ही मनुष्य को श्रेष्ठ बनाते हैं और संस्कारविहीन जीवन राक्षस के समान है। उन्होंने पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से बचते हुए बच्चों में गुरुकुल परंपरा के नैतिक एवं धार्मिक मूल्यों को विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि चार माह के चातुर्मास के दौरान बच्चों को संस्कार, धर्म और नैतिक शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। महापौर ने गुरुदेव से शहर की सुख-शांति, समृद्धि और स्वच्छता के लिए आशीर्वाद लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, दीप प्रज्ज्वलन, चित्र अनावरण, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। आगामी चार माह तक दिगम्बर जैन मंदिर, इंदिरा नगर में जप, तप, साधना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।










