लखनऊ । जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जेपीआई) उत्तर प्रदेश के प्रदेश पदाधिकारियों की संगठनात्मक समीक्षा बैठक हजरतगंज स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय में पार्टी प्रमुख शशांक शेखर सिंह पुष्कर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर युद्ध स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने, मंडल स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने तथा जनसंपर्क अभियान तेज करने की रणनीति बनाई गई।
शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने कहा कि पार्टी छात्रों, युवाओं, बेरोजगारों और आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि जैसे बुनियादी विषयों पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति को जाति-धर्म से हटाकर विकास और रोजगार की दिशा में ले जाने की आवश्यकता है। जल्द ही जनहित के मुद्दों पर प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन और जनचौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा सकारात्मक नेतृत्व की तलाश में है और जेपीआई युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने का मंच बनेगी। पार्टी ने हर घर रोजगार, रोजगार मिलने तक जीवन-यापन भत्ता, प्रतियोगी परीक्षाओं को निःशुल्क, निष्पक्ष और समयबद्ध कराने, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों, किसानों, महिलाओं, मजदूरों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का भी संकल्प दोहराया। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान संगठन को मजबूत कर अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी पर है।










