वाराणसी । जनपद में श्रावण माह के प्रथम दिन धर्मनगरी वाराणसी स्थित बाबा काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगल की कामना की।
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास मार्गों सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं, जहां डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें तैनात हैं। शुद्ध पेयजल, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से बाबा के दर्शन का लाभ मिल सके। श्रावण के पहले दिन काशी विश्वनाथ धाम पूरी तरह शिवभक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।










