Search
Close this search box.

महिला उद्यमिता को नई उड़ान: वाराणसी में ‘कौन बनेगा बिजनेस लीडर’ कार्यक्रम आयोजित

वाराणसी । जनपद के विकास भवन सभागार में डेवलपमेंट ऑल्टरनेटिव्स और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के संयुक्त तत्वावधान में महिला नेतृत्व वाले उद्यम (WLE) कार्यक्रम के अंतर्गत “कौन बनेगा बिजनेस लीडर (KBBL)” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ना, सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त (स्वतः रोजगार) एवं डीसी-एनआरएलएम पवन कुमार सिंह ने की। उन्होंने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों के अभिसरण और सरकारी योजनाओं से महिलाओं को जोड़ने पर जोर दिया। इस दौरान महिला नेतृत्व वाले उद्यम (WLE) परियोजना का शुभारंभ किया गया तथा इसकी कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की जानकारी दी गई।

चिरईगांव ब्लॉक की महिला उद्यमी ज्योति कुमारी और ममता देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं और डेवलपमेंट ऑल्टरनेटिव्स के सहयोग से उन्होंने सफल व्यवसाय स्थापित किया है।

कार्यक्रम में नॉन-फार्म एंटरप्राइज, उद्यम स्थापना, वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, विपणन, तकनीकी सहयोग तथा “लखपति दीदी” पहल सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। उद्योग, समाज कल्याण, कौशल विकास, बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला उद्यमियों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक आरती ग्रोवर ने किया। अंत में महिला उद्यमिता को सशक्त बनाने के लिए भविष्य में भी समन्वित प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें