बलिया । 19 अगस्त को मनाए जाने वाले बलिया बलिदान दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में बलिदान दिवस को भव्य, गरिमापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि बलिदान दिवस के अवसर पर 19 अगस्त को सुबह 8 बजे जिला कारागार से रैली निकाली जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को रैली के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बलिया बलिदान दिवस जिले के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम और अमर सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की स्मृति से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

उन्होंने रैली मार्ग की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक इंतजाम समय से सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








