Search
Close this search box.

विश्व माहवारी दिवस पर जागरूकता रैली, महिलाओं को स्वच्छता व स्वास्थ्य का संदेश

वाराणसी । जनपद के लोहता क्षेत्र स्थित कोरौता बाजार में बुधवार को 28 मई विश्व माहवारी दिवस के अवसर पर यूनिटी फाउंडेशन ऊंचगांव के तत्वावधान में जागरूकता बैठक एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किशोरियों और महिलाओं ने भाग लेकर माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन के डायरेक्टर कन्हैया लाल ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के माहवारी चक्र का मानव जीवन के जन्म में महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए समाज में इससे जुड़े भ्रम और झिझक को दूर करना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

कोरौता जन आरोग्य मंदिर की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रिया मल्ल ने मासिक धर्म चक्र, स्वच्छता, पोषण और उससे जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने माहवारी के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, पौष्टिक भोजन लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।

इसके बाद महिलाओं और किशोरियों ने कार्यालय परिसर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा तक जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को माहवारी स्वच्छता और महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन उर्मिला एवं धन्यवाद ज्ञापन निर्मला ने किया।

Leave a Comment

और पढ़ें