वाराणसी । में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कमलगढ़हा, आरिफ मस्जिद, जैतपुरा, राजापुरा रोड, कच्ची बाग और बजरडीहा समेत कई इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि त्योहार से पहले सभी गलियों और मुख्य मार्गों की विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए। मस्जिदों के आसपास के रास्तों तथा संभावित कुर्बानी स्थलों पर चूने और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव तत्काल कराने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि बकरीद के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



