हरदोई। कछौना पुलिस ने शनिवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की। पुलिस ने चार अर्टिगा कारों से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अर्टिगा कारों के जरिए हरियाणा से अंग्रेजी शराब लेकर ग्राम खजोहना की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना अध्यक्ष अमित सिंह ने पुलिस टीम के साथ कटियामऊ-खजोहना मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान सफेद रंग की टैक्सी कोटे की फर्जी नंबर प्लेट लगी चार अर्टिगा कारें आती दिखाई दीं। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों को रोक लिया। पुलिस कार्रवाई देखकर कुछ तस्कर मौके से फरार हो गए, जबकि खजोहना निवासी जमीर पुत्र सगीर, अम्मार पुत्र यूनुस और बबलू पुत्र इंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी बबलू ने बताया कि वह लंबे समय से दिल्ली और हरियाणा में रह रहा था। वहीं उसकी मुलाकात दीपांकर नामक व्यक्ति से हुई, जिसने उसे सोनीपत निवासी अमित उर्फ मित्तो से मिलवाया। आरोपियों का नेटवर्क हरियाणा और चंडीगढ़ से शराब लाकर बिहार के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर समेत कई जिलों में तस्करी करता था।
पुलिस के अनुसार चारों कारें हरियाणा से दिल्ली होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा एक्सप्रेसवे के रास्ते बांगरमऊ पहुंची थीं। इसके बाद गांव खजोहना में रुकने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चारों कारों से कुल 3276 क्वार्टर और 594 बोतल ‘ऑल सीजन’ ब्रांड की अंग्रेजी शराब तथा 168 बोतल ‘आरएस’ ब्रांड की शराब बरामद की। इसके अलावा आरोपियों के पास से 18,600 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
ओमजीत यादव | उजाला संचार न्यूज






