Search
Close this search box.

बिरनो टोल प्लाजा पर पुलिस का बड़ा अभियान: 16 शराबी चालक गिरफ्तार, 190 वाहनों का चालान

गाजीपुर । जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों के लगातार उल्लंघन को देखते हुए गाजीपुर पुलिस ने ‘ड्रंकन ड्राइविंग’ और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश) के निर्देश पर जिले में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), आरटीओ, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात एवं थानाध्यक्ष बिरनो के नेतृत्व में आठ विशेष टीमों का गठन किया गया।

इन टीमों ने बिरनो टोल प्लाजा की सभी आठ लेनों और मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान रोडवेज बसों, भारी व्यावसायिक वाहनों, चार पहिया और दो पहिया वाहनों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 16 चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। वहीं प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 22 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 152 वाहनों के चालान किए गए।

पूरे अभियान के दौरान कुल 190 वाहनों का चालान करते हुए करीब 4 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को अपनी जिम्मेदारी बनाएं।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें