बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में गंदगी, अभिलेखों के अव्यवस्थित रखरखाव और बायोमेट्रिक मशीन खराब मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।

डीएम ने कर अनुभाग में नगर पालिका की संपत्तियों का रजिस्टर जर्जर अवस्था में मिलने पर संबंधित बड़े बाबू को फटकार लगाते हुए दो दिनों के भीतर नगर पालिका की सभी संपत्तियों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली।
निरीक्षण में बायोमेट्रिक मशीन खराब मिलने पर संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने और एक सप्ताह के भीतर नई मशीन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों के लिए कार्यालय आने और जाने के समय बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने को कहा।

उपस्थिति रजिस्टर की जांच में 14 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में कार्यालय में गंदगी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के वेतन से सफाई व्यवस्था कराई जाएगी।
शहर में कई स्थानों पर कूड़ा जमा होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई और नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार न होने पर शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।










