वाराणसी । जनपद में एक प्रेरणादायक पहल के तहत साधना फाउंडेशन से जुड़े गौरव मौर्य और उनकी पत्नी सोनी मौर्य ने अपनी शादी की पांचवीं वर्षगांठ को खास अंदाज में मनाते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिवपुर स्थित अमृत आशा ब्लड सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया कि व्यक्तिगत खुशियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर भी मनाया जा सकता है।
रक्तदान के बाद ब्लड बैंक प्रशासन ने केक कटवाकर इस अवसर को उत्सव का रूप दिया और दंपत्ति को अंगवस्त्र व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य ने कहा कि रक्तदान वास्तव में जीवनदान है और इस तरह की पहल समाज में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
गौरव और सोनी मौर्य की यह पहल न सिर्फ उनके वैवाहिक जीवन की यादगार बन गई, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनकर सामने आई है, जिससे समाज में सेवा और मानवता की भावना को बल मिलता है।









