Search
Close this search box.

गाजीपुर में नाली विवाद ने लिया हिंसक रूप, राजस्व व पुलिस टीम पर पथराव, 11 गिरफ्तार

गाजीपुर । जनपद के जखनिया क्षेत्र में शनिवार को नाली विवाद सुलझाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम पर दबंगों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में दो पत्रकारों समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

मामला मोलनापुर उर्फ तालगांव गांव का है, जहां कुशवाहा और राजभर समाज के बीच नाली के पानी की निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि रमाकांत कुशवाहा उर्फ झब्बू ने करीब 10 मीटर अवरुद्ध नाली को खुलवाने के लिए प्रशासन से शिकायत की थी। इसी शिकायत के निस्तारण के लिए शनिवार दोपहर उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा, खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद और एडीओ पंचायत अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे।

प्रशासनिक टीम दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रही थी, तभी एक पक्ष के कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिस व अधिकारियों पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। प्रशासन ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें