सोनभद्र । योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पतंजलि योग समिति के उत्तर प्रदेश (पूर्व) के राज्य प्रभारी दुर्गेश योगी को लखनऊ में ,,योग गौरव सम्मान,, से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर पतंजलि योग परिवार सोनभद्र की ओर से 5 जुलाई 2026, रविवार को राबर्ट्सगंज स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में उनका अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक प्रातःकालीन योग कक्षा के दौरान होगा।
पतंजलि योग परिवार सोनभद्र के जिला प्रभारी रवि प्रकाश त्रिपाठी एडवोकेट ने बताया कि भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी भगवान सिंह की गरिमामयी उपस्थिति तथा संगठन के वरिष्ठ मार्गदर्शकों के सान्निध्य में यह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर योग के प्रचार-प्रसार और नियमित साधना में समर्पित योग साधकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम योग के प्रति समर्पित लोगों का उत्साहवर्धन करने और समाज में स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। रवि प्रकाश त्रिपाठी ने सभी योग प्रेमियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने और सम्मान समारोह की गरिमा बढ़ाने की अपील की।







