वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस के ,, ऑपरेशन चक्रव्यूह,, के तहत थाना चोलापुर पुलिस ने फर्जी दरोगा बनकर लोगों से ठगी और अवैध वसूली करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस की वर्दी, फर्जी पुलिस आईडी कार्ड, फर्जी नियुक्ति पत्र सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में चोलापुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आयर बाजार स्थित औरा नहर के पास से इन्द्रपुर, शिवपुर निवासी 23 वर्षीय राजन प्रजापति को बुधवार तड़के करीब 12:40 बजे गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस उपनिरीक्षक (दरोगा) की वर्दी पहनकर क्षेत्र में घूमता था और लोगों पर रौब जमाकर नौकरी दिलाने तथा चेकिंग के नाम पर रुपये वसूलता था। उसने पुलिस का फर्जी नियुक्ति पत्र और फर्जी पहचान पत्र भी बनवा रखा था। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने सिंधौरा क्षेत्र के एक युवक से पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ठगे थे, जिसे वह अपनी शानो-शौकत और निजी खर्चों में खर्च कर चुका है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक खाकी वर्दी सेट, स्टार, बेल्ट, पी-कैप, बैरेट कैप, नेम प्लेट, पुलिस बैज, तीन फर्जी पुलिस आईडी कार्ड, फर्जी नियुक्ति पत्र की प्रति, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निर्वाचन कार्ड, आपदा मित्र कार्ड, यूनियन बैंक का एटीएम कार्ड, बैग, पर्स, ईयरफोन तथा 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना चोलापुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के अन्य संभावित अपराधों और ठगी के मामलों की भी जांच कर रही है।







