सोनभद्र । इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में मई और जून माह के दौरान संचालित की गई मार्निंग कोर्ट व्यवस्था अब समाप्त हो गई है। बुधवार से जनपद की सभी अदालतें पुनः अपने नियमित समय सुबह 10 बजे से संचालित होंगी। इसके साथ ही न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और वादकारियों की दिनचर्या में फिर से बदलाव होगा। शुरुआती दिनों में समय परिवर्तन के कारण कुछ असुविधा हो सकती है, लेकिन जल्द ही व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।

गौरतलब है कि सोनभद्र की भौगोलिक परिस्थितियों और भीषण गर्मी को देखते हुए सोनभद्र बार एसोसिएशन एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त प्रस्ताव पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 1 मई से 30 जून तक मार्निंग कोर्ट चलाने की अनुमति दी थी। इस अवधि में जनपद न्यायालय सोनभद्र सहित अधीनस्थ न्यायालयों, अनपरा स्थित बाह्य न्यायालय, ओबरा, दुद्धी और ग्राम न्यायालय घोरावल में सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक न्यायिक कार्य संपन्न होते रहे।
अब गर्मी का प्रभाव कम होने के साथ ही अदालतें फिर से नियमित समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगी। इससे न्यायिक कार्य पूर्ववत गति से संचालित होंगे।







