Search
Close this search box.

बकरीद पर्व को लेकर गाजीपुर प्रशासन अलर्ट, मुहम्मदाबाद में डीएम-एसपी का फ्लैग मार्च

गाजीपुर । आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गाजीपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने थाना कोतवाली मुहम्मदाबाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को निकाला गया यह फ्लैग मार्च मिश्रित आबादी एवं भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। मार्च कासिमाबाद रोड से प्रारंभ होकर ईसुपुर, दर्जी मुहल्ला, प्रिंस रोड, मुहम्मदाबाद फाटक होते हुए तहसील तिराहा तक निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने पैदल गश्त कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से संवाद भी किया।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने आमजन से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के साथ मनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद सहित पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से सहयोग बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

उमेश यादव क्राइम रिपोर्टर गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें