बलिया । ज्येष्ठ मास के चौथे बड़े मंगलवार के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह ने फेफना विधानसभा क्षेत्र के कपूरी गांव स्थित मां कपिलेश्वरी भवानी मंदिर परिसर में हनुमान जी का पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन कराया गया, जहां श्रद्धालुओं को शर्बत और शीतल जल वितरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और सपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
अवलेश सिंह ने कहा कि भगवान हनुमान सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav के वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री बनने की कामना भी की।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश और प्रदेश में बेरोजगारी, लाचारी और भुखमरी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है और गैस सिलेंडर से लेकर पेट्रोल तक की कीमतों ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।

सपा के जिला कोषाध्यक्ष डॉक्टर शोएबुल इस्लाम ने कहा कि यह आयोजन सेवा और श्रद्धा का प्रतीक है, न कि कोई राजनीतिक कार्यक्रम। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आएं तो समाज में बड़ा बदलाव आ सकता है।

कार्यक्रम में बलिया सदर की पूर्व विधायक मंजू सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संजय उपाध्याय, भारत यादव, उपेंद्र पांडेय, मुन्ना बहादुर सिंह, श्यामू ठाकुर, राजन कनौजिया, बीरबल राम और रामेश्वर पासवान सहित कई सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






