Search
Close this search box.

ईंधन बचत अभियान को लेकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की ट्रेन यात्रा, वाराणसी में बेगमपुरा एक्सप्रेस का इंजन फेल

लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाओ अभियान को गंभीरता से अपनाते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन दिनों प्रदेश के विभिन्न शहरों की यात्रा के लिए ट्रेन का इस्तेमाल कर रही हैं। बुधवार को वाराणसी से लखनऊ लौटते समय उन्होंने बेगमपुरा एक्सप्रेस से यात्रा की, लेकिन वाराणसी जंक्शन पर ट्रेन का इंजन फेल होने से यात्रा प्रभावित हुई।

बेगमपुरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12237/12238) वाराणसी जंक्शन से जम्मू तवी के बीच प्रतिदिन संचालित होती है। इसका वाराणसी से निर्धारित प्रस्थान समय दोपहर 12:40 बजे है, लेकिन बुधवार को इंजन में तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन करीब 1:02 बजे रवाना हुई। देरी का असर आगे के सफर पर भी पड़ा और जौनपुर पहुंचते-पहुंचते ट्रेन और विलंबित हो गई।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के दीक्षा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। इससे एक दिन पहले सोमवार को वह इसी ट्रेन से जौनपुर पहुंची थीं, जहां उन्होंने पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षा समारोह में 83 मेधावियों को पदक तथा 339 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधियां प्रदान की थीं।

सोमवार को जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर बेगमपुरा एक्सप्रेस का निर्धारित आगमन समय रात 10:38 बजे था, जबकि ट्रेन चार मिनट की देरी से 10:42 बजे पहुंची।

Leave a Comment

और पढ़ें