Search
Close this search box.

मिंट हाउस चोरीकांड का खुलासा: कर्मचारी गिरफ्तार, नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद

वाराणसी । जनपद के कैंट थाना क्षेत्र स्थित नदेसर के मिंट हाउस में संचालित रेलवे कैटरिंग प्रतिष्ठान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में नामजद आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नकदी तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार प्रतिष्ठान संचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में कैंट पुलिस टीम ने बिहार के बेगूसराय निवासी प्रशांत कुमार सिंह को कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-9 के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पाण्डेय, उपनिरीक्षक आशुतोष तिवारी, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल अतुल कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल प्रिंस तिवारी और कांस्टेबल जितेन्द्र चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें