भदोही । शहर स्थित महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। अस्पताल में एक्स-रे कराने पहुंचे एक मरीज ने कर्मचारियों पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। मरीज द्वारा विरोध किए जाने पर कथित तौर पर कर्मचारियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष भदोही कोतवाली पहुंच गए, जहां शिकायत दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
वहीं अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए मरीज पर लेबर रूम में वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। इधर, पिछले कुछ दिनों से अस्पताल लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल में अव्यवस्था, कर्मचारियों के दुर्व्यवहार और इलाज में लापरवाही जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।









