वाराणसी । 26 मई 2026 भीषण गर्मी और तेज लू के बीच रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भटनी रेलवे जंक्शन पर ग्रीष्मकालीन जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) श्री अनुभव पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा अभियान का संचालन “पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ” द्वारा किया गया।

भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ग्रुप लीडर श्री अनिल कुमार एवं रंजन कुमार खरवार के नेतृत्व में जयप्रकाश नारायण स्काउट ग्रुप, भटनी के स्काउट एवं रोवर सदस्यों ने विभिन्न ट्रेनों के यात्रियों को निःशुल्क शीतल जल वितरित किया। इस दौरान गाड़ी संख्या 14005 सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनल, 14006 आनंद विहार टर्मिनल-सीतामढ़ी, 12165 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-गोरखपुर, 15651 गुवाहाटी-जम्मूतवी तथा 15129 गोरखपुर छावनी-वाराणसी सिटी सहित कई मेल, एक्सप्रेस एवं सवारी गाड़ियों के जनरल कोचों में यात्रियों को पानी पिलाया गया।

भीषण गर्मी में यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों का आभार जताया। कार्यक्रम में विनय कुमार शर्मा, रंजीत कुमार गुप्ता, शमशाद अंसारी, आशुतोष कुमार, आदर्श सिंह, सत्यम खरवार, दुर्गेश यादव, प्रशांत कुमार, प्रितम यादव, कृष्णा यादव और अमित चौरसिया सहित कुल 13 सदस्य उपस्थित रहे। यह सेवा अभियान यात्रियों के लिए राहत और मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बना।





