जौनपुर । जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय मासूम बच्ची का खून से लथपथ शव झाड़ियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची अपनी मां के साथ एक रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में गई थी, जहां वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई।
परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी। रातभर खोजबीन के बाद सुबह सरपत के झुरमुट में बच्ची का शव बरामद हुआ। घटना के बाद परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।







