गाजीपुर । कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार निवासी विनोद राय (55) की मारपीट में घायल होने के छह दिन बाद मंगलवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बहादुरगंज चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र चंद्र दुबे ने बताया कि छह दिन पूर्व बहादुरगंज स्थित मां चंडी मैरिज हॉल में मऊ जनपद के कोपा से बारात आई थी। बाराती डीजे बजाते हुए जा रहे थे। इसी दौरान हॉर्न बजाने और रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि बारातियों ने लाठी-डंडा और रॉड से हमला कर दिया, जिसमें रामविलास राय, मंगल राय, रामप्रवेश राय और विनोद राय घायल हो गए थे। घायलों में विनोद राय की हालत गंभीर होने पर उन्हें मऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर थे। बड़े भाई सुरेश राय और छोटे भाई अनिल राय हैं। उनके एक पुत्र युवराज राय हैं। विनोद राय पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी ममता राय की एक वर्ष पूर्व कैंसर से मौत हो चुकी है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।कासिमाबाद थाना प्रभारी राजनारायन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।






