वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को दक्षिण कोरिया की प्रतिष्ठित कंपनी मेसर्स ए.आर.ए. ब्रिज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शियुंग पार्क ने मेसर्स राइट्स लिमिटेड एवं जे.सी.एल. इन्फ्रा इंडिया के अधिकारियों के साथ स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता का आकलन करने के लिए बरेका का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने किया।


दौरे की शुरुआत प्रशासन भवन के कीर्ति कक्ष में आयोजित बैठक से हुई, जहां बरेका की उत्पादन क्षमता, तकनीकी प्रगति, आधुनिक विनिर्माण सुविधाओं, वैश्विक निर्यात तथा लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ट्रक मशीन शॉप, लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली, टेस्ट शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली, इंजन इरेक्शन एवं इंजन टेस्ट शॉप सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया को करीब से देखा।

प्रतिनिधिमंडल ने बरेका की अत्याधुनिक अवसंरचना, तकनीकी दक्षता और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादन की सराहना की। इस दौरे को भविष्य में संभावित औद्योगिक एवं व्यावसायिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समापन पर राम जन्म चौबे ने शियुंग पार्क को बरेका निर्मित लोकोमोटिव मॉडल भेंट कर सम्मानित किया।







