Search
Close this search box.

जैपुरिया स्कूल पड़ाव में छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, 50 पदाधिकारियों ने ली जिम्मेदारी; नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना पर दिया गया विशेष बल

बलिया। /पड़ाव स्थित सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस कैंपस में नए शैक्षणिक सत्र के उपलक्ष्य में छात्र परिषद के पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, गरिमा और प्रेरणादायक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा माँ शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद कक्षा तीसरी, चौथी और पांचवीं के छात्रों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना समूह नृत्य ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं कक्षा छठवीं, सातवीं और आठवीं के छात्र-छात्राओं की प्रेरणादायक प्रस्तुतियों तथा टोरेंस समूह के मधुर संगीत ने समारोह में चार चाँद लगा दिए।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने नव-निर्वाचित परिषद को बधाई देते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व अधिकार नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी का प्रतीक होता है। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य बिनोद कुमार दास ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि एक सच्चे नेता में कठिन परिस्थितियों में भी सही निर्णय लेने का साहस और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता होती है।

इस अवसर पर हेड बॉय नयन अग्रवाल और हेड गर्ल आरुषी बजाज सहित कुल 50 पदाधिकारियों ने अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में तानुप्रिया पॉल ने संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।

Leave a Comment

और पढ़ें