बलिया । जनपद के थाना गड़वार पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में सराहनीय कार्य करते हुए पीड़ित के खाते से ठगी गई धनराशि वापस कराकर उसे बड़ी राहत प्रदान की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयमंगल राम पुत्र गणेश राम, निवासी ग्राम सवन, थाना गड़वार, जनपद बलिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के खाते से 27 फरवरी 2026 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी तरीके से धोखाधड़ी कर धनराशि स्थानांतरित कर ली गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर एवं थानाध्यक्ष गड़वार हितेश कुमार के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस की प्रभावी पैरवी और विधिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय के आदेशानुसार 11 जून 2026 को शिकायतकर्ता के खाते में 9,870.12 रुपये की धनराशि वापस करा दी गई।
अपनी खोई हुई रकम वापस मिलने पर जयमंगल राम ने बलिया पुलिस एवं थाना गड़वार पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यप्रणाली की सराहना की। इस सफलता में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल हफीज, हेड कांस्टेबल भीम कुमार, आरक्षी विवेक कुमार यादव, आरक्षी लवकुश गुप्ता एवं महिला आरक्षी रागिनी यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








