मीरजापुर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर विकास भवन सभागार में राज्य कर विभाग द्वारा व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक रत्नाकर मिश्र और मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने की।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त राज्य कर दिनेश कुमार दूबे, उपायुक्त राज्य कर अन्जेश बरनवाल, उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि शत्रुधन केशरी व आशीष बुधिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और अधिकारी उपस्थित रहे। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए जनपद में नए औद्योगिक आस्थान की स्थापना का सुझाव दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यापारियों तथा वार्षिक टर्नओवर की विभिन्न श्रेणियों के 10 श्रेष्ठ करदाताओं को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रमाणपत्र, स्मृति चिन्ह और उत्तरीय प्रदान किए गए। साथ ही विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत टूलकिट भी वितरित की गई।
सदर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि विंध्याचल कॉरिडोर सहित विभिन्न विकास परियोजनाएं मीरजापुर को व्यापार का नया केंद्र बनाएंगी। वहीं विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने व्यापारियों से भामाशाह के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए उनकी सुरक्षा और हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में लोकगायिका रानी सिंह ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी तथा अंत में संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार दूबे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।








