वाराणसी । 10 जून 2026 जनपद में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विटामिन-ए सम्पूरण एवं आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) वितरण अभियान का शुभारंभ बुधवार को नवाबगंज आंगनबाड़ी केंद्र से किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक एवं आईएफए सिरप पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

सीएमओ ने बताया कि यह विशेष अभियान आगामी एक माह तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत जनपद के 3,92,921 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विटामिन-ए बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने तथा आंखों की रोशनी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी से बच्चों में संक्रमण और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पात्र बच्चों को निर्धारित सत्र स्थलों पर अवश्य लेकर आएं ताकि उन्हें इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सके। अभियान के दौरान 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) सिरप भी दिया जाएगा, जिससे एनीमिया की रोकथाम और बच्चों के समुचित विकास में सहायता मिलेगी।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी स्वास्थ्य इकाइयों और उपकेंद्रों पर विटामिन-ए एवं आईएफए सिरप की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पात्र बच्चों तक सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







