वाराणसी । के रोहनिया थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में लगभग 40 वर्षीय अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बैरवन गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर अपराह्न करीब 3 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही मोहनसराय चौकी इंचार्ज अमीर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार मृतक ने नीले रंग की शर्ट, कत्थई रंग का अंडरवियर और महरूम रंग का गमछा पहन रखा था। उसके दाहिने हाथ में कलावा बंधा हुआ था तथा पैरों में लाल रंग लगा हुआ था। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान में काफी कठिनाई आ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक कुछ देर से रेलवे लाइन के किनारे खड़ा था और वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही ट्रेन के सामने अचानक कूद गया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटाकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।








